हैट्रिक गर्ल वंदना के नाम से जाना जाएगा हरिद्वार का स्टेडियम, खेल मंत्री करेंगे लोकार्पण
Published:
Dec 8 2021 4:00PM
स्टार हॉकी प्लेयर वंदना कटारिया हरिद्वार के रोशनाबाद की रहने वाली हैं। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में गोलों की हैट्रिक लगाकर इतिहास रच दिया था।
टोक्यो ओलंपिक में शानदार खेल का प्रदर्शन करने वाली हॉकी प्लेयर वंदना कटारिया दूसरी बेटियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा दे रही हैं। वो पहले ही कह चुकी हैं कि अब वो महिला हॉकी खिलाड़ियों को तराशने का काम करेंगी। राज्य सरकार की ओर से कई अवसरों पर वंदना कटारिया को सम्मानित किया गया। उन्हें तीलू रौतेली पुरस्कार से नवाजा गया। अब हरिद्वार में नवनिर्मित नेशनल हॉकी स्टेडियम भी टोक्यो ओलंपिक की हैट्रिक गर्ल वंदना कटारिया के नाम से जाना जाएगा। सरकार की ओर से इसे लेकर आदेश जारी कर दिया गया है। मंगलवार को खेल मंत्री स्टेडियम का लोकार्पण कर इसे खिलाड़ियों को समर्पित कर देंगे। स्टार हॉकी प्लेयर वंदना कटारिया रोशनाबाद की रहने वाली हैं। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में गोलों की हैट्रिक लगाकर इतिहास रच दिया था। ऐसा करने वाली वह पहली भारतीय महिला बनी हैं। टोक्यो ओलंपिक से लौटने के बाद वंदना कटारिया का धर्मनगरी में जोरदार स्वागत हुआ था।
सीएम पुष्कर सिंह धामी भी उन्हें सम्मानित करने के लिए उनके घर पहुंचे थे। वंदना कटारिया को अर्जुन अवार्ड से भी पुरस्कृत किया जा चुका है। अब राज्य सरकार ने नवनिर्मित नेशनल हॉकी स्टेडियम का नाम वंदना कटारिया के नाम पर रखने का निर्णय लिया है। यह जानकारी प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी वरुण बेलवाल ने दी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को खेल मंत्री अरविंद पांडेय नवनिर्मित स्टेडियम का लोकार्पण करेंगे। साथ ही वह स्टेडियम के अंदर बन रहे बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल का शिलान्यास भी करेंगे। एक खबर रुद्रपुर से भी है। अर्जुन अवार्डी और टोक्यो पैरालंपिक के कांस्य पदक विजेता मनोज सरकार को रुद्रपुर नगर निगम का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। नगर आयुक्त विशाल मिश्रा ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि टोक्यो पैरालंपिक में देश के लिए कांस्य पदक जीतने वाले मनोज सरकार अब नगर निगम की टीम के साथ मिलकर लोगों को शहर को सुंदर बनाने के लिए जागरूक करेंगे।